फल और सब्जियां हमें सेहतमंद रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसीलिए समग्र स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाने के लिए रोजाना इनके सेवन पर जोर दिया जाता है। इस बात में कोई दो राय नहीं है कि फल और सब्जियां सुपर हेल्दी हैं, लेकिन उन्हें छिलके के साथ खाना चाहिए (या नहीं) इसे लेकर हमेशा से बहस होती आई है। कई लोगों का मानना होता है कि फल और सब्जियों के छिलकों में भी इनके जितना ही विटामिन होता है, इसलिए वो छिलके के साथ ही इसका सेवन करते हैं।

वहीं इंटरनेट पर भी फलों और सब्जियों के छिलकों के फायदों के बारे में कई लेख मिल जाएंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, छिलके स्वास्थ्यवर्धक गुणों से भरे होते हैं और उन्हें फेंकने का मतलब है कि अपने आहार से अच्छी मात्रा में पोषक तत्वों को खत्म करना। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह बात बाजार में उपलब्ध सभी उत्पादों पर लागू होता है? शायद नहीं! अभी भी कुछ फल और सब्जियां हैं, जिन्हें आपको छिलने के बाद खाना चाहिए। इस लेख में हम ऐसे ही कुछ लोकप्रिय फूड आइटम्स के बारे में जानेंगे, जिनकी त्वचा को हटाकर इसका सेवन करना चाहिए।

फल और सब्जियां, जिन्हें खाने से पहले छील लें

1. आम: आम की त्वचा में फाइबर और अन्य पोषक तत्वों के साथ-साथ 'यूरुशीओल' नाम का एक हानिकारक कंपाउंड भी पाया जाता है। इसलिए इसे खाने से पहले आम के छिलकों को जरूर उतार लें। इसके अलावा, छिलके का स्वाद तीखा होता है, जो फल के अद्भुत स्वाद को बर्बाद कर देता है।

2. एवोकाडो: एवोकाडो को सुपरफूड माना जाता है और अगर आप इसके फायदे लेना चाहते हैं तो इसके छिलके को अच्छे से छील लें। एवोकाडो की परत सख्त, सूखी और स्वाद में तीखी होती है, जो इसके अनुभव को बर्बाद कर देता है। तो अगली बार जब आप एवोकाडो का सेवन करें, तो सबसे पहले इसके छिलके को हटा दें।

3. शकरकंद: कुछ लोग शकरकंद के छिलके को हेल्दी और स्वादिष्ट मानते हैं। लेकिन जानकार कहते हैं कि खाने से पहले शकरकंद का छिलका उतार देना चाहिए। आप सोच रहे होंगे ऐसा क्यों? तो, आपको बता दें कि शकरकंद की सख्त और रेशेदार त्वचा को पचाना कठिन होता है और इससे पेट खराब होने की संभावना होती है। इसके अलावा आंतों से संबंधित भी कई समस्याएं हो सकती हैं।

4.कद्दू: कुछ लोग सब्जी बनाते हुए कद्दू के छिलकों को नहीं हटाते। इसकी सख्त बनावट को पकाने में भी काफी समय लगता है। नतीजतन, या तो इसे कच्चा छोड़ दिया जाता है या फिर कद्दू के गूदे वाले हिस्से को बहुत ज्यादा पकाया जाता है। इसलिए कद्दू के छिलके को निकालना ही बेहतर होता है।

5. सिट्रस फ्रूट्स: तरह-तरह के व्यंजनों में सुगंध बढ़ाने के लिए संतरे और नींबू के छिलके का इस्तेमाल किया जाता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि इसे उसी तक सीमित रखा जाना चाहिए क्योंकि साइट्रस फलों की मोटी त्वचा कड़वी होती है और इसका स्वाद भी काफी अप्रिय होता है। इसके अलावा, इन छिलकों को पचाना भी कठिन हो सकता है।

फलों और सब्जियों को क्यों छीलते हैं?

फल और सब्जियों का छिलने के बाद सेवन करना हमने अपने बड़ों से सीखा है, क्योंकि वे इसे सुरक्षित और स्वच्छ मानते हैं। इन्हें छीलने के तीन प्रमुख कारण हैं। आइए एक नजर डालते हैं कि खाने से पहले कुछ फलों और सब्जियों के छिलके को हटाना क्यों आवश्यक है।

1. कीटनाशकों और टॉक्सिक पदार्थों को दूर करता है

फलों और सब्जियों को उगाते समय, हानिकारक पदार्थ, कीटाणु और कीटनाशक अक्सर इनकी त्वचा पर जमा हो जाते हैं। यह न केवल भोजन को हानिकारक बनाता है बल्कि लोगों में कई तरह की एलर्जी भी पैदा कर सकता है।

2. स्वाद बढ़ाता है

फलों और सब्जियों के छिलके कठोर और रेशेदार होते हैं, जिसके सेवन से फलों का असली स्वाद छिन जाता है। इनमें से कुछ छिलके स्वाद में कड़वे भी होते हैं, इसलिए छिलका हटाने से खाने का स्वाद और बनावट दोनों बेहतर हो जाते हैं।

3. पचने में आसान

रेशेदार छिलके अक्सर पचने में कठिन होते हैं, जिससे सूजन, अपच और पेट संबंधी अन्य समस्याएं होती हैं। इसलिए, पाचन संबंधी समस्याओं वाले लोगों को हमेशा खाने से पहले फलों और सब्जियों को छीलने की सलाह दी जाती है।