कांग्रेस पार्टी का मतलब दलाली, भ्रष्टाचार
मध्यप्रदेश की जनता इस बार फिर कमल खिलाएगी 
कमलनाथ विधानसभा चुनाव हारेंगे 
भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बन जाएगा


टीकमगढ़  ।   कांग्रेस पार्टी का मतलब दलाली, भ्रष्टाचार, बंटाढार है। इस बार तो छिंदवाड़ा से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी विधानसभा का चुनाव हारने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में फिर कमल खिलने जा रहा है, भाजपा प्रचंड बहुमत से मध्यप्रदेश में चुनाव जीतेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जिस तरह से देश का विकास कर रहे हैं, उस गति से कार्य चलता रहा तो वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बन जाएगा। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को 2024 में फिर प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। इसके लिए हमें पहले मध्यप्रदेश विधानसभा का चुनाव भी प्रचंड बहुमत से जीतना होगा। देश को विकसित राष्ट बनाने के लिए आप सब भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं। यह बात उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने टीकमगढ़ जिले के जतारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चंदेरा में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। श्री मौर्य ने शुक्रवार को टीकमगढ़ जिले की खरगापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भेसली और टीकमगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव में भी जनसभा को संबोधित किया है।

जातियों के बीच भेदभाव पैदा करती है कांग्रेस

सभा को संबोधित करते हुए श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का विकास कार्यों से कोई वास्ता नहीं है। अभी तक जनता से झूठे वादे करके चुनाव जीतती आई कांग्रेस की पोल अब खुल चुकी है। जनता जान चुकी है की कांग्रेस झूठी घोषणाएं कर बरगलाती है। इसलिए कांग्रेस पार्टी इस विधानसभा चुनाव में जातियों के बीच भेदभाव पैदा करने का कार्य कर रही है। कांग्रेस पार्टी फूट डालो शासन करो की नीति अपनाते हुए जातियों के बीच भेदभाव पैदा कर समाज में वैमनस्यता फैलाने की कोशिश कर रही है। 

जनता कमल खिलाने का मन बना चुकी है

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता फिर इस बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है। जिस प्रकार से मध्यप्रदेश की जनता का भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास मध्यप्रदेश में पैदा हुआ है, वह बताता है कि यहां प्रचंड बहुमत से भाजपा की फिर सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि आप लोग भी भाजपा के प्रत्याशी को वोट रूपी अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाएं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हाथ मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कमलनाथ स्वयं छिंदवाड़ा से विधानसभा चुनाव हार रहे हैं। प्रियंका गांधी लिखा लिखाया भाषण पढ़ती हैं। जनता को विकास चाहिए और वह भाजपा की सरकार ही करती है। उन्होंने जनता से तीन दीपावली मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आप लोग 12 व 17 नवंबर और 3 दिसंबर को दीपावली मनाएं। 22 जनवरी को अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान होने जा रहे हैं, तब फिर दीपावली मनाई जाएगी। आप सब भी अयोध्या की दीपावली मनाने के लिए आएं।