भोपाल । भाजपा ने उज्जैन से नव निर्वाचित तीन बार के विधायक डॉ. मोहन यादव को मप्र का नया मुख्यमंत्री बनाया है। भाजपा ने यादव को मुख्यमंत्री बनाने के साथ ही अपने सबसे मजबूत गढ़ मालवा-निमाड़ में जातीय समीकरण और संतुलन साधने की कोशिश भी की है। इसी कवायद में जगदीश देवड़ा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। मालवा-निमाड़ से भाजपा को विधानसभा चुनाव में 66 में से 47 सीट पर जीत मिली है और यही वजह है कि यहां से मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के नाम पर शीर्ष नेतृत्व ने मुहर लगा दी। इससे पहले मालवा-निमाड़ प्रदेश को पांच मुख्यमंत्री और तीन उप मुख्यमंत्री दे चुका है।
हम बता दें कि वर्ष 2003 में भाजपा ने डॉ.मोहन यादव को बडऩगर से टिकट दिया था लेकिन विरोध होने पर वापस ले लिया। यादव ने इस बात का विरोध नहीं किया और पार्टी के प्रचार में लग गए। पार्टी ने टिकट काटा जरूर लेकिन जब सत्ता आई तो मोहन यादव को उज्जैन विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया। डॉ.यादव पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे हैं।

यादव मालवा-निमाड़ से छठवें मुख्यमंत्री 
मालवा-निमाड़ ने पहले भी मुख्यमंत्री दिए है। भगवंत राव मंडलोई, सुंदर लाल पटवा, वीरेंद्र कुमार सकलेचा, कैलाश जोशी, प्रकाश चंद सेठी मुख्यमंत्री रहे हैं। मालवा-निमाड़ भाजपा का गढ़ रहा है और यहां से जब-जब भाजपा को सर्वाधिक सीटें मिली है तब-तब भाजपा ने मप्र में सरकार बनाई है। पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में मालवा-निमाड़ में ही कांग्रेस सेंध लगाने में कामयाब हो गई थी और सरकार नहीं बना सकी। इस बार डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने से अब मालवा-निमाड़ से छठवें हो गए हैं।

मालवा-निमाड़ तीन उप मुख्यमंत्री दे चुका है 
भाजपा ने मल्हारगढ़ (मंदसौर) से विधायक जगदीश देवड़ा को उप मुख्यमंत्री बनाया है। इसके पहले कसरावद से विधायक रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता सुभाष यादव, कुक्षी विधायक रहीं जमुना देवी और मनावर से विधायक रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता शिवभानु सिंह सोलंकी उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं।