राजधानी रायपुर सहित प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की आशंका जताई है। इससे एक बार फिर रायपुर में पारा गिर सकता है और ठंड बढ़ सकती है। शनिवार को रायपुर का मौसम शुष्क रहा। ठंड थोड़ी कम रही, हालांकि आउटर व ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड बनी हुई है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री रहा।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से आने वाली गर्म और नमी युक्त हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि रविवार से रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदल सकता है और 14 फरवरी तक विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के आसार है। उन्होंने बताया कि शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.9 व न्यूनतम 14.9 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में यह क्रमश: 28.4 व 12.6 और दुर्ग में 29.2 व 13 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में यह 32 व 16 डिग्री दर्ज किया गया।

बढ़ी किसानों की चिंता

छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में किसान रबी की फसल लेते हैं। बेमौसम वर्षा से गर्मी फसलों को नुकसान हो सकता है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विभाग ने किसानों के लिए सामयिक सलाह जारी किया है। विभाग ने किसानों से सब्जियों में कीट-रोगों के प्रति नियमित निगरानी करने कहा है।