उदयपुर । भारतीय जनता पार्टी द्वारा जयपुर में महारैली का आयोजन ‎किया जा रहा है। 1 अगस्त को आयो‎जित यह महारैली प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ होगी। भाजपा द्वारा विगत कई दिनों से भ्रष्टाचार जंगलराज कुशासन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके तहत 16 जुलाई से 31 जुलाई तक भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश भर में नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत जिला मंडल और बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता तक अपनी बात पहुंचा रही है। अभी प्रत्येक बूथ पर पार्टी के कार्यकर्ता घर घर जाकर ब्लैक पेपर जो कांग्रेस सरकार का काला चिट्ठा है वह वितरण किया जा रहा है। जिला प्रभारी बंशीलाल खटीक ने कहा ‎कि कांग्रेस की राज्य सरकार अब तक की सर्वश्रेष्ठ भ्रष्टाचारी सरकार रही है। दंगे, पेपर लीक, दलितों एवं महिलाओं पर अत्याचार की आए दिन होने वाली घटनाओं को सुनकर जनता पक चुकी है। जनता ने ठान लिया है कि इस बार राजस्थान को कांग्रेस मुक्त करना है। उन्होंने कहा ‎कि मुख्यमंत्री की हठधर्मिता से न तो विधायक सुरक्षित है न हीं मंत्री और न ही जनता सुरक्षित हैं। इसके कई उदाहरण देखने को मिले हैं।
खटीक ने कहाकि 1 अगस्त को जयपुर में होने वाली भारतीय जनता पार्टी की महारैली में इस बार प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता अपनी सहभागिता प्रदान करेंगे। गांव-गांव शहर शहर ढाणी ढाणी कार्यकर्ता नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के माध्यम से जन जन तक पहुंच रहा है। कांग्रेस के काले चिट्ठों को ब्लैक पेपर के माध्यम से जनता तक वितरण कर उनकी कारगुजारियों को आम जनता के मन मस्तिष्क में ला रहा है। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त को होने वाली प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की रैली बड़ी ही ऐतिहासिक होगी। राजेंद्र गुढ़ा का जिक्र करते हुए कहा कि जिस मंत्री ने सरकार को कई बार बचाई उसके भी यह हश्र तो दूसरों की बात क्या होगी। कार्यक्रम के संयोजक तखत सिंह शक्तावत ने बताया कार्यक्रम चरणबद्ध तरीकों से चल रहा है जो 17 जुलाई से आरंभ होकर 30 जुलाई तक चलेगा। 31 जुलाई को भाजपा के हजारों कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल और बूथ स्तर से जयपुर में 1 अगस्त को होने वाली महारैली में भाग लेंने हेतु प्रस्थान करेंगे।
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम किए जिसमें बाबा साहब अंबेडकर मूर्ति स्थल पर धरना, मंडल में पत्रक वितरण, कृषि मंडी पर धरना,कांग्रेस पदाधिकारियों के समक्ष थाली बजाकर प्रदर्शन, युवा मोर्चा द्वारा रैली, हस्ताक्षर अभियान, महिला मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन ओबीसी और किसान मोर्चा द्वारा प्रदर्शन आदि कार्यक्रम विभिन्न मोर्चा द्वारा आयोजित किए गए और 30 जुलाई तक जारी रहेंगे। शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडल स्तर पर एवं सभी मोर्चों ने अपने जिला और मंडल स्तर पर पार्टी द्वारा निर्देशित कार्यक्रमों को ऐतिहासिक सफलता के साथ पूर्ण किया और भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने मंडल स्तर पर 1 अगस्त को जयपुर में होने वाली महारैली में शा‎मिल होने के लिए बैठकों का क्रम जारी रखे हैं।