भोपाल  ।    2018 में हम वोट ज्यादा लेकर भी पिछड़ गए थे, लेकिन इस बार अप्रत्याशित नतीजे आएंगे, यह मेरा अपना विश्वास है। मैं मध्यप्रदेश में 1977 से ही चुनाव के काम में भाग लेता रहा हूं। इस समय जनता के मन में जो स्नेह और प्रेम है, वह अलग से दिखाई देता है, इसलिए अब तक की सबसे बड़ी सफलता भाजपा प्राप्त करेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एक प्रश्न के उत्तर में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस आक्रोश यात्रा निकाल रही है। सुनते ही मन विचलित हो जाता है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आपस में आक्रोश निकाल रहे हैं। कमल नाथ समझ गए कि आक्रोश किसके खिलाफ है, इसलिए उन्होंने पोस्टर से दिग्विजय सिंह को निकाल दिया। कमल नाथ ही आक्रोश यात्रा से गायब हैं। मुझे आश्चर्य होता है कि जिनका नेता पहियों वाले सूटकेस को सिर पर लेकर चलता हो, उस पार्टी का क्या भविष्य होगा। मिस्टर बंटाधार (दिग्विजय सिंह) खुद कहते हैं कि मैं जाऊंगा तो वोट नहीं मिलेंगे। कमल नाथ 2019 में आए तो उन्होंने सारी योजनाएं बंद कर दी। कमल नाथ ने आपने वादे नहीं निभाए, इसीलिए जनता में कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश है। कमल नाथ, जब सनातन धर्म का अपमान होता है तो आप मौनी बाबा बन जाते हैं और जब वोट चाहिए होते हैं तो आप ढोंगी बाबा बन जाते हैं।

कार्यकर्ता महाकुंभ से सुनिश्चित होगी जीत

तोमर केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में कार्यकर्ता विजय का संकल्प लेंगे। यह महाकुंभ विधानसभा चुनाव में विजय को सुनिश्चित करेगा।

मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं, जनहित के कामों का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया है। प्रधानमंत्री मोदी की कार्य पद्धति अद्भुत और अद्वितीय है। प्रधानमंत्री ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण बिल को सर्वसम्मति को पास कराकर पूरी दुनिया में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने का काम किया है।

अल्पसंख्यक भाई-बहनों ने भी आशीर्वाद दिया

वीडी शर्मा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गरीब के अधिकार छीनने का काम कमल नाथ सरकार ने दिग्वियज सिंह के इशारे पर किया था, लेकिन भाजपा गरीब कल्याण का काम कर रही है। यात्रा से हम मोदी- शिवराज सरकार के विकास और गरीब कल्याण का रिपोर्ट कार्ड लेकर 65 हजार 523 बूथों तक जनता के बीच पहुंचे। यात्राओं को अपार जन समर्थन मिला है। अल्पसंख्यक भाई-बहनों ने भी भाजपा को आशीर्वाद दिया है।