भारतीय टीम के युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की है, जिसमें वह जिम में वर्कआउट करते हुए नजर आ रहे हैं। पंत की वीडियो को देखकर फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं। ये कयास लगाया जा रहा है कि आईपीएल 2024 के लिए पंत दिल्ली कैपिटल्स का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे।

ऋषभ पंत की लेटेस्ट वीडियो देख फैंस हुए खुश
दरअसल, 30 दिसंबर 2022 को ऋषभ पंत का भीषण कार एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए थे। इसके बाद उनकी सर्जरी भी हुई और वह क्रिकेट मैदान से दूर रहे। पंत क्रिकेट में वापसी करने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। उनका हाल ही में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे पंत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पंत जिम में एक्सरसाइज कर रहे हैं। वीडियो के कैप्शन में पंत ने लिखा, ''हर सेट के साथ बाउंस बैक कर रहा हूं।''

ऐसे में उनका ये कैप्शन देख फैंस काफी खुश नजर आ रहे है। आईपीएल 2024  के लिए ये माना जा रहा है ति पंत वापसी कर सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर सौरव गांगुली ने कुछ दिनों पहले बताया था कि पंत अब ठीक हैं और वह आईपीएलमें खेलेंगे और दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी भी करेंगे।

आईपीएल 2023 में ऐसा रहा दिल्ली कैपिटल्स का परफॉर्मेंस
पंत की गैरमौजूदगी में डेविड वॉर्नर को आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया था। डेविड की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन बहुत बुरा रहा। पिछले सीजन आईपीएल से बाहर होने वाली दिल्ली कैपिटल्स पहली टीम रही। दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2023 की अंक तालिका में 9वें स्थान पर अपना सफर खत्म किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैचों में से 5 मैचों में जीत हासिल की, जबकि 9 मैचों में हार का सामना किया।