2018 में हुए गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलकों ने पांच स्वर्ण सहित कुल नौ पदक जीते थे। बर्मिंघम में भी भारतीय खिलाड़ियों से काफी उम्मीद है।बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को भारोत्तोलकों से बड़ी आस है। इन खेलों में भारोत्तोलन के परंपरागत पॉवरहाउस चीन और उत्तर कोरिया की अनुपस्थिति का भारतीय भारोत्तोलक बखूबी फायदा उठाते हैं। ओलंपिक की रजत विजेता मीराबाई चानू की अगुआई में सभी 15 वेटलिफ्टर पदक जीतने की काबिलियत रखते हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन को 1950 में शामिल किया गया था। इस खेल में भारत ने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक 43 स्वर्ण सहित कुल 125 पदक जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया के बाद तालिका में भारत दूसरे नंबर पर है। भारत ने 1990, 2002 और 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। इन खेलों में भारत ने भारोत्तोलन में सभी देशों से ज्यादा पदक जीते थे।