कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रीलंका का पहला वनडे मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। ICC वर्ल्ड कप 2023 के निराशाजनक अभियान के बाद नए खिलाड़ियों से सजी श्रीलंकाई टीम ने वापसी की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 9 विकेट नुकसान पर 273 रन बनाए थे। चरिथ असलंका ने शतक जड़ा।

श्रीलंका के नए कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की तरफ से ऑलराउंडर जेनिथ लियानाज ने वनडे में डेब्यू किया। पहले ही ओवर में श्रीलंका झटका लगा। अविष्का फर्नांडो गोल्डन डक पर आउट हुए। कुसल मेंडिस (46) और समरविक्रमा (41) ने श्रीलंकाई पारी को संभालने की कोशिश की।

मेंडिस और समरविक्रमा ने संभाली पारी

कुसल और सदीरा समरविक्रमा ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़कर श्रीलंका को मैच में बनाए रखा। लियानाज ने 24 रन का योगदान दिया। हालांकि, असलंका ने अपना तीसरा वनडे शतक जड़ते हुए एक छोर संभाले रखा और स्कोरबोर्ड को लगातार बढ़ाते रहे। चोट के बाद वापसी करने वाले दासुन शनाका और अराचिगे बड़ी पारी नहीं खेल सके।

मदुशंका ने दिलाई दो सफलता

असलंका ने 95 गेंद पर 101 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे की तरफ से नगारवा, मुजारबानी और फराज ने दो-दो विकेट लिए। जबकि सिकंदर रजा को एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। दिलशान मदुशंका ने तीसरे ओवर में दो विकेट लेकर जिम्बाब्वे की पारी को झकझोर दिया। हालांकि, चौथे ओवर के खत्म होते-होते बारिश आ गई। 4 ओवर में जिम्बाब्वे ने 12 रन बना लिए थे और दो विकेट गंवा दिए थे।