रायपुर ।   प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज छत्‍तीसगढ़ में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। उल्‍लेखनीय है कि पिछले चार माह में प्रधानमंत्री सातवीं बार छत्‍तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। मोदी पहली सभा को मुंगेली में संबोधित कर रहे हैं।मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत जय जोहार से की। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पस्‍त, अस्‍त है। राज्‍य में कुशासन है।

अब कांग्रेस सरकार कुछ ही दिन का खेला

मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहले चरण के चुनाव में मतदान से साफ है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। वे बोले मैं मुंगेली में विजय संकल्प महारैली को संबोधित कर रहा हूं। मोदी बोले यह चलाचली की बेला है। अब कांग्रेस सरकार कुछ दिन का ही खेला है।

देव दीपावली नया आनंद लेकर आएगी

आने वाली देव दीपावली छत्‍तीसगढ़ के लिए नया आनंद लेकर आएगी। जिस कांग्रेस ने छत्‍तीसगढ़ को लूटा है वह कांग्रेस देव दीपावली पर कहीं नजर नहीं आएगी। मोदी ने महादेव एप घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें राज्‍य के प्रमुख कांग्रेस नेताओं के करीबी भी हैं। सरकार को इसका जवाब देना चाहिये। इसी के साथ पीएससी चयन में भी घोटाला हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रथम चरण में भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने के लिए मैं छत्तीसगढ़ की जनता को हृदय से धन्यवाद देता हूं। आज मैं विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की महिलाओं और युवाओं का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। मैं उनके फैसले को, भाजपा के प्रति उनके विश्वास को, भाजपा के प्रति उनके लगाव को आदरपूर्ण नमन करना चाहता हूं। उन्‍होंने कहा कि दिल्ली से जो पत्रकार मित्र और राजनीतिक विश्लेषक आते हैं वो सीना तानकर कहते हैं शर्त लगा लो, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री(भूपेश बघेल) खुद हार रहे हैं।

कांग्रेस का कुशासन है छत्‍तीसगढ़ में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कुशासन की समाप्ति का जयघोष हो रहा है। पहला चरण कांग्रेस पस्त, दूसरा चरण कांग्रेस अस्त, प्रथम चरण के मतदान से ये साफ हो गया है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ से जा रही है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आप जो धूप में तप कर रहे हैं, ये आपकी तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। मैं आपके तप के लिए विकास करके आपको लौटाऊंगा, ये गारंटी देता हूं।

कांग्रेस में समर्पित लोग किनारे पर

मोदी ने कहा कि कांग्रेस में पुराने समर्पित लोग आज किनारे पर बैठे हैं, उनमें भी बहुत गुस्सा है। उनको लगता है कि एक बहुत बड़ा धोखा हुआ है। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनी तक मुख्यमंत्री पद के लिए 2.5-2.5 साल का समझौता हुआ था। परन्तु पहले 2.5 साल में ही मुख्यमंत्री ने इतना भ्रष्टाचार किया कि पैसों का अंबार जमा कर लिया और जब 2.5 साल पूरा होने को आए तो दिल्ली वालों के लिए तिजोरी खोल दी, सबको खरीद लिया। दिल्ली के नेताओं को खरीद लिया और समझौता धरा का धरा रह गया। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री की पहली सभा मुंगेली में हो रही है। यह सभा जमकुही मैदान गीधा बायपास पर रखी गई है। सभा की शुरुआत में छत्‍तीसगढ़ भाजपा अध्‍यक्ष अरुण साव ने संबोधित किया।

मुंगेली जिले के अंतर्गत ग्राम की आमसभा में भाजपा प्रत्याशी पुन्नूलाल मोहले के पक्ष में मोदी सभा को संबोध‍ित करने पहुंचे। मुंगेली, पथरिया, नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर होने से यहां के भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग सुबह नौ बजे से पहुंच गए। मुंगेली के जमकुही में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

प्रधानमंत्री की दूसरी सभा महासमुंद के बेमचा मैदान पर आयोजित की गई है। छत्‍तीसगढ़ भाजपा ने इसे विजय संकल्‍प महारैली का नाम दिया है।

उल्‍लेखनीय है कि छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को कराया जाएगा। इसमें 70 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।