भोपाल । मध्यप्रदेश में हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी हो गया है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण निचले एवं मध्यम स्तर पर बादल छाने लगे हैं। राजस्थान पर एक चक्रवात बन गया है।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बादल छाने की वजह से दिन के तापमान में गिरावट होगी, लेकिन रात के तापमान में कुछ वृद्धि होने लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन के मुताबिक, वर्तमान में पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवात बन गया है। इससे हवाओं का रुख बार-बार बदलने लगा है। इस कारण बादल छाने लगे हैं। मौसम का इस तरह का मिजाज सोमवार तक बना रह सकता है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि चक्रवात के असर से हवाओं का रुख कभी दक्षिण-पूर्वी तो कभी उत्तर-पश्चिमी हो रहा है। हवाओं के साथ नमी भी आने लगी है। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर शहरों में निचले एवं मध्यम स्तर के बादल छाने लगे हैं। बादलों के कारण अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। उधर, न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के बाद हवा का रुख फिर उत्तरी होने से एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी। वहीं, शुक्रवार-शनिवार को प्रदेश में सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा। 12 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इनमें पूर्वी मध्य प्रदेश के नौ शहर शामिल हैं।