भोपाल ।  विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा मध्य प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा 22 सितंबर तक चलेगी और 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा। महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे।

भूपेंद्र यादव ने की समीक्षा

प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भोपाल में जन आशीर्वाद यात्रा की समीक्षा की। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 21 और 22 सितंबर को यात्राओं के पांच स्थानों पर पहुंचने पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

ये नेता भी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा शर्मा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस सहित अनेक केंद्रीय और राज्य के नेतागण शामिल होंगे।

अब तक 60 लाख लोगों से संपर्क

यात्रा में 11 सितंबर तक 60 लाख लोगों से संपर्क कर चुके हैं। प्रदेश के सभी मतदाता तक पहुंचने का लक्ष्य है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के निवास पर मंगलवार को हुई बैठक को लेकर मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस में छह माह से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चल रही है। हम सब जानते हैं कांग्रेस में नाटक-नौटंकी होती है।

जन-आशीर्वाद यात्रा में बुधवार को झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे, दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा, उत्तरप्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल और लोकसभा सांसद सहित अन्य जन-प्रतिनिधि विभिन्न स्थानों में शामिल हुए।