भोपाल | मुख्यमंत्री शिवराज सोमवार को राजधानी के जीएडी चौराहे के समीप तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम जन-जन का कार्यक्रम है। इसके लिए 15 अगस्त को हर नागरिक अपने घर तिरंगा जरूर फहराएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच-प्रण की शपथ भी लें।

तिरंगा झंडा देश-भक्ति, विकास और हमारे आत्म-सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों के बलिदान से देश को आजादी मिली है।हम प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रदेशवासी शिक्षित और समृद्ध प्रदेश बनाने का संकल्प लें।

यात्रा का समापन कर्फ्यू वाली माता चौराहे पर हुआ। कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा थीम पर आधारित फूलों, गुब्बारों तथा कपड़े से सजावट की गई।सोमवार को प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी नरेला विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली है। मंत्री विश्वास सारंग ने हजारों युवाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में हजारों की संख्या में वाहन शामिल हुए। इस दौरान हर घर तिरंगा लगाने की भी अपील की गई है।