जयपुर । उड़द के भाव कम हो गए हैं। इसकी वजह ब्राजील से उड़द का अतिरिक्त आयात होना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जयपुर मंडी में दिवाली से पूर्व साबुत उड़द का भाव 108 रुपए प्रति किलो था, जो कि वर्तमान में घटकर 95 रुपए प्रति किलो के आसपास रह गया है। सियाराम ब्रोकर्स के कांति कुमार ने बताया कि उड़द मोगर 115 से 125 रुपए तथा उड़द छिलका दाल 118 रुपए प्रति किलो थोक में बेची जा रही है। बताया जा रहा है ‎कि केन्द्र सरकार ने ब्राजील से 3 हजार टन अतिरिक्त उड़द का आयात किया है। यह मात्रा पहले से इंपोर्ट की जा रही 20 हजार टन उड़द के अतिरिक्त है। आपको बता दें ‎कि देश में उत्पादन में गिरावट आने की आशंका के मद्देनजर सरकार ने बीते नवंबर माह के दौरान ब्राजील के किसानों और कारोबारियों से अरहर एवं उड़द ज्यादा उगाने का अनुरोध किया था। ताकि उत्पादन के स्रोतों में बढ़ोतरी हो सके। इस बीच ब्राजील से 3 हजार टन उड़द भारत पहुंच चुका है। इसके अतिरिक्त आयात किए जाने वाला 20 हजार टन उड़द इस साल भारत पहुंच जाएगा।
हालां‎कि केन्द्र सरकार ब्राजील से इंपोर्ट बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। भारत ने पिछले साल 3.1 मिलियन टन दालों का आयात किया था। इसमें आधे से ज्यादा मात्रा मसूर दाल की थी। बता दें ‎कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दाल उत्पादक देश है। इसके बावजूद खपत अधिक होने के कारण भारत को अरहर, मसूर और उड़द दाल का आस्ट्रेलिया, कनाड़ा, रूस, म्यांमार, मोजाम्बिक, तंजानिया, सूडान एवं मालावी से आयात करना पड़ता है। हालांकि भारत में वर्ष 2011 से डिमांड और सप्लाई के अंतर में कुछ सुधार आया है। मगर इसके बावजूद हर साल करीब तीन मिलियन टन दालों का आयात करना पड़ता है।