न्यू मेक्सिको । अमेरिका में एक युवक ने खुलेआम गोलीबारी करके तीन लोगों की जान ले ली, जब‎कि चार अन्य घायल हैं। जानकारी के अनुसार उत्तर-पश्चिमी न्यू मेक्सिको के फर्मिंग्टन में एक 18 वर्षीय युवक ने अचानक खुले आम अंधाधुंध गोलीबारी करना शुरू कर दी। संदिग्ध को जब तक पुलिस मार गिराती तब तक गोलीबारी में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और दो पुलिस वालों सहित 7 लोग बुरी तरह से घायल हुए।
युटा राज्य के करीब एक शहर है फर्मिंग्टन, जिसकी आबादी करीब 50,000 के लगभग होगी। यह राज्य सीमा क्षेत्र की तेल और प्राकृतिक गैस उद्योग की आपूर्ति लाइन है। यहां पर सुबह के करीब 11 बजे एक युवक ने इस घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित अधिकारी को आवासीय इलाके की सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा ताबड़तोड़ गोलीबारी करने की खबर प्राप्त हुई। जब तक पुलिस ने उसका सामना किया तब तक 3 लोग मारे जा चुके थे। पुलिस अब मामले की जांच करने में जुटी हुई है।
घायलों को सेन जुआन क्षेत्रीय मेडिकल सेंटर में भर्ती किया गया है जिसमें फर्मिंग्टन का एक पुलिस अधिकारी और एक राज्य पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। दोनों पुलिस अधिकारियों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। शहर के मेयर नेट डुकेट का कहना था कि दोनों अधिकारियों को गोली लगी थी लेकिन दोनों ही खतरे से बाहर हैं। घटना को लेकर एक चश्मदीद जोसेफ रोबलेडो का कहना था कि गोलियों की आवाज़ सुनकर उनकी पत्नी और एक साल की बेटी लॉन्ड्री रूम में छिप गए थे। एक गोली बगैर किसी को घायल किए हुए उनकी बेटी के कमरे की खिड़की से आर पार निकल गई। अभी तक संदिग्ध और मृतकों की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
अमेरिका को आजाद हुए ढाई सौ साल होने को हैं लेकिन यहां पर गन कल्चर पर आज तक कोई सरकार लगाम नहीं लगा सकी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल अमेरिका में अब तक 200 के करीब गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। जिसमें सामूहिक लोगों पर किसी व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इससे पहले 30 अप्रैल को भी ऐसी ही एक घटना में आरोपी ने 5 लोगों को गोली मार दी थी जिसमें एक 9 साल का बच्चा भी शामिल था।