गिर सोमनाथ | गुजरात में पांच दिन बाद होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए सियासी दलों ने वोटरों को रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है| भाजपा कांग्रेस और आप समेत राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता रैलियां रोड शो और घर घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं| शनिवार को गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और आप पर कड़े प्रहार किए| योगी आदित्यनाथ ने आप पर प्रहार करते हुए कहा कि गुजरात में दिल्ली से आया नमूना आतंकवाद का सबसे बड़ा समर्थक है| जो अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करता है और जब भारतीय सेना पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करती है तो भारतीय जवानों से इसका सबूत मांगता है| जबकि पाकिस्तान चीख चीख कर कह रहा है कि भारतीय सैनिकों ने हमारी कमर तोड़ दी है| इसके बावजूद आम आदमी पार्टी को सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत चाहिए| उन्होंने कहा कि आतंकवाद और भ्रष्टाचार आप के जीन्स का हिस्सा है| ऐसे भ्रष्टाचारी और आतंकवाद के समर्थकों को वोट देकर गुजरात की जनता अपने वोट को कलंकित ना करें| योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने कभी सरदार वल्लभभाई पटेल का सम्मान नहीं किया| लेकिन मोदी सरकार ने सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण कर उन्हें सच्चा सम्मान किया है| योगी ने कहा कि कांग्रेस और आप ना तो जनता का सम्मान करती हैं और ना ही उनकी सुरक्षा कर सकती हैं| कांग्रेस मुस्लिम वोट बैंक के लिए कभी भी आपकी आस्था का सम्मान नहीं करेगी| उन्होंने सवाल किया कि आपकी आस्था के साथ खिलवाड करने वाली कांग्रेस को गुजरात की जनता वोट देगी? कांग्रेस ने कभी भी डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर को सम्मान नहीं दिया| बाबा साहेब आंबेडकर चुनाव में हराने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी|