यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले के बाद पुतिन और रूस के खिलाफ कई तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। अब उनसे ताइक्वांड़ो ब्लैक बेल्ट की उपाधि भी छीन ली गई है।  

यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले के बाद खेल जगत में भी लगातार रूस का विरोध हो रहा है। रूस के साथ ही लोग रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भी विरोध कर रहे हैं। कई खेल संस्थाएं रूस पर प्रतिबंध लगा चुकी हैं। अब विश्व ताइक्वांडो ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से ब्लैक बेल्ट की मानद उपाधि भी छीन ली है। इसके साथ ही ताइक्वांडो से जुड़ी शीर्ष संस्था ने यूक्रेन पर रूसी सेना के हमले का विरोध किया है। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय जूडो फेडेरेशन ने पुतिन को मानद अध्यक्ष पद से हटा दिया था। 

पुतिन को नवंबर 2013 में ब्लैक बेल्ट की उपाधि दी गई थी। विश्व ताइक्वांडो ने पुतिन से ब्लैक बेल्ट की मानद उपाधि वापस लेते हुए यूक्रेन पर हुए हमले का विरोध किया। इसके साथ ही रूस और बेलारूस में ताइक्वांडो से जुड़ा कोई भी आयोजन नहीं होगा। इसके साथ ही विश्व ताइक्वांडो के किसी भी आयोजन में रूस और बोलारूस के झंडे को बैन किया गया है। दोनों देशों के राष्ट्रगान पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।