नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार रात से मौसम बदलेगा। उत्तर भारत समेत दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन तक बारिश होगी। 24 मई को मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना। 26 मई तक बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलेगी। आईएमडी के वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने से तापमान गिरेगा और हीटवेव की स्थिति कम हो जाएगी। 

पंजाब और हरियाणा भी चिलचिलाती गर्मी की चपेट में हैं और कई स्थानों पर तापमान 44 डिग्री तक रिकॉर्ड किया जा रहा है। अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में बारिश हो सकती है। उत्तरी राज्यों में तापमान बढ़ रहा है लेकिन समय-समय पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण राहत मिली है। गर्मी की लहरें आम तौर पर मई और जून के महीने में उत्तरी राज्यों उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान को प्रभावित करती हैं।

दिल्ली का तापमान किया गया 43.7 डिग्री दर्ज

दिल्ली समेत उत्तर भारत में आसमान से आग बरसने लगी है। ज्यादातर जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। सोमवार को दिल्ली का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43.7 डिग्री दर्ज हुआ। रविवार को तापमान 42.9 डिग्री दर्ज हुआ था। तेज गर्म हवा के चलते राजधानी में कुछ जगहों पर लू की स्थिति रही। इसके चलते सुबह 10 बजे के बाद ही घर से निकलना मुश्किल हो गया। यूपी में प्रयागराज का तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने बताया कि उत्तर भारत के लिए लू की चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और बंगाल में लू चल सकती है। उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में रविवार से पारा चढ़ रहा है और धीरे-धीरे 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।