युवा साइकलिस्ट रोनाल्डो सिंह ने अपने जन्मदिन पर देश को एशियाई साइकलिंग चैंपियनशिप के सीनियर वर्ग में पहला रजत पदक दिलाया। इंदिरा गांधी साइकलिंग वेलोड्रम में बुधवार को चैंपियनशिप के अंतिम दिन रोनाल्डो ने स्प्रिंट इवेंट में रजत जीता। उनका यह चैंपियनशिप में तीसरा पदक रहा। एशियाई चैंपियनशिप में तीन पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय राइडर बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने एक किलोमीटर टाइम ट्रायल और टीम स्प्रिंट में कांस्य पदक जीते थे। भारत ने इस चैंपियनशिप में कुल दो स्वर्ण सहित 23 पदक जीते। दोनों स्वर्ण पैरा राइडर ज्योति ने जीते, जबकि सीनियर वर्ग में भारत ने एक रजत और 8 कांस्य पदक जीते। यह एशियाई चैंपियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रजत पदक जीतने के बाद रोनाल्डो सिंह ने कहा कि उनके दिमाग में स्वर्ण पदक था। हालांकि रजत पदक जीतकर भी वह खुश हैं। बुधवार को जीवन के 20 साल पूरे करने वाले रोनाल्डो सिंह ने कहा कि यह उनके जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि हर टूर्नामेंट से उनके प्रदर्शन में निखार आ रहा है। यह महत्वपूर्ण है। स्प्रिंट इवेंट में जापान के अनुभवी राइडर केंटो यामासाकी ने स्वर्ण जीता।