IPL 2022 के 38वें मुकाबले में सोमवार को पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 11 रन से हरा दिया। 2016 के बाद पहली बार IPL में खेल रहे ऋषि धवन ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उनकी बॉलिंग से ज्यादा उनका लुक चर्चा में रहा। जब वो गेंदबाजी करने आए तो उन्हें देख ऐसा लगा कि उन्होंने कोरोना से बचने के लिए अपने फेस पर मास्क लगाया है, लेकिन ऐसा नहीं था। कुछ दिन पहले रणजी ट्रॉफी के दौरान ऋषि के नाक पर गेंद से चोट लग गई थी। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई। नाक में फिर चोट ना लगे इसके कारण उन्होंने अपने चेहरे पर फेस-शील्ड लगाया था। IPL के इतिहास में पहले कभी किसी खिलाड़ी को फेस-शील्ड लगाकर बॉलिंग करते नहीं देखा गया है। ऋषि धवन ने मैच में 4 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पहले शिवम दुबे को क्लीन बोल्ड किया। उसके बाद आखिरी ओवर में खतरनाक लग रहे महेंद्र सिंह धोनी का विकेट लेकर पंजाब को मैच जिता दिया। धवन 6 साल बाद IPL में कोई मैच खेल रहे थे।