राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार सुबह हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे। हेलीपैड पर मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति कालिदास अकादमी पहुंचे। यहां पंडित सूर्यनारायण व्यास संकुल में अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के 59वें अधिवेशन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। बाद में महाकाल मंदिर पहुंचे। 

उसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सपत्नीक महाकाल मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में सपत्नीक महाकाल के दर्शन किए। भगवान महाकाल का पूजन किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह  चौहान, साधना सिंह भी इस दौरान साथ रहीं। इसके बाद नंदी हॉल में कुछ देर बैठे व ध्यान लगाया। मंदिर परिसर में राष्ट्रपति ने सीएम व राज्यपाल के साथ फोटो खिंचवाई। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया कि ॐ महाकाल महाकाय महाकाल जगत्पत, महाकाल महायोगिन महाकाल नमोस्तुते। मा. राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी और मा. मंगुभाई पटेल जी के साथ उज्जैन में भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर प्रदेश-देश की प्रगति व उन्नति और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।