भोपाल ।  मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की तीन सौ महिलाओं को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आमंत्रित किया है। चौहान महिलाओं से संवाद करेंगे और समूहों को दो सौ करोड़ का बैंक ऋण बांटेंगे। इस कार्यक्रम से प्रत्येक ग्राम पंचायत से स्व-सहायता समूह की सदस्य वर्चुअल जुड़ेंगी। कार्यक्रम का दूरदर्शन और इंटरनेट मीडिया के अन्य माध्यमों से सीधा प्रसारण किया जाएगा।राज्य आजीविका मिशन के तहत प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समूहों से जोड़कर उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण किया जा रहा है। 45 हजार गांवों में तीन लाख 84 हजार समूहों का गठन किया है, जिनसे 43 लाख परिवार जुड़े हैं। इनमें से लगभग 16 लाख 79 हजार परिवारों को कृषि गतिविधियों से और लगभग छह लाख 19 हजार परिवारों को अन्य गतिविधियों से जोड़ा गया है।