कृति सेनन और प्रभास अभिनीत फिल्म 'आदिपुरुष' का दूसरा गाना 'राम सिया राम' आज रिलीज हो गया है। इस गाने का फैंस को बेसब्री से इंतजार था। आज रिलीज हुए इस गाने में भगवान श्रीराम और माता सीता की प्रेम गाथा पिरोई गई है। गाने में राम और सीता के प्रेम से लेकर विरह तक को दर्शाया गया है। रिलीज के साथ ही यह गाना छा गया है। 

'राम सिया राम' गाने को टी सीरीज ने यूट्यूब पर रिलीज किया है। इस गाने को सचेत-परम्परा ने गाया है। साथ ही इस गाने का संगीत भी सचेत टंडन और परंपरा टंडन की जोड़ी ने दिया है। गाने को फिल्म के लीड स्टार्स प्रभास और कृति पर फिल्माया गया है। गाने को मनोज मुंतशिर शुक्ला ने लिखा है।

फिल्म का यह गाना पांच भाषाओं- हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में जारी किया गया है। इस गाने के रिलीज की जानकारी कृति सेनन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, 'आदिपुरुष की आत्मा राम सियाराम।' बता दें कि यह फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

इस गाने पर फैंस की दिलचस्प प्रतिक्रिया आ रही है। दोनों का लुक भी खूब पसंद किया जा रहा है। एक यूजर ने लिखा, 'श्रीराम के रूप में प्रभास और सीताजी के रूप में कृति....परफेक्ट मैच है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'पवित्रता और खूबसूरती आंखों में झलक रही है। शानदार गाना।' एक यूजर ने लिखा, 'यह गाना मैं लगातार सुन रहा हूं, यह बहुत सुकून देने वाला गाना है।'

यूट्यूब पर यह गाना नंबर वन पर ट्रेंड कर रहा है। रिलीज के बाद अब तक इस गाने को करीब 14 लाख लोग देख चुके हैं। रामायण की कहानी पर आधारित और ओम राउत निर्देशित इस फिल्म में सैफ अली खान रावण के किरदार में नजर आएंगे। साथ ही फिल्म में सनी सिंह लक्ष्मण का रोल अदा करेंगे।