नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत जीतने पर भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। नीरज विश्व एथलेटिक्स में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। ओलंपिक स्वर्ण विजेता नीरज ने अमेरिका के यूजीन में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में 88.13 मीटर भाला फेंककर रजत पदक हासिल किया। इससे पहले भारत की ओर से विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र कांस्य पदक साल 2003 विश्व एथलेक्स में लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज ने जीता था।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीरज की सफलता पर ट्वीट किया, ‘‘हमारे सबसे प्रतिभावान खिलाड़ियों में से एक नीरज चोपड़ा की महान उपलब्धि। विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने पर नीरज को बधाई।'' उन्होंने इसके साथ ही लिखा ,‘‘भारतीय खेलों के लिए यह खास पल। इसके साथ ही आगामी टूर्नामेंटों के लिए नीरज को शुभकामनाएं भी दीं।'' प्रधानमंत्री के अलावा देश भर से खिलाड़ियों ,प्रशंसकों और राजनेताओं के साथ ही अधिकारियों ने भी नीरज को रजत जीतने पर बधाई दी है।  
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने नीरज की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्या चैम्पियन है। क्या खिलाड़ी है । विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत को पहला रजत।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि नीरज इस सफलता के लिए बधाई के पात्र हैं। उनकी यह  उपलब्धि भारतीय खेलों को और आगे ले जाएंगी।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी नीरज की इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि सारे देश में खुशी का माहौल है। साथ ही कहा कि मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता के कारण ही उन्हें यह सफलता मिल रही है। हमें उन पर गर्व है।
कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि नीरज ने विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर एक बार फिर इतिहास रचा है।
पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने इसे भारी दबाव के बीच एक और शानदार प्रदर्शन बताया है।
पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा कि नीरज को कोई नहीं रोक सकता क्योंकि उसकी प्रतिस्पर्धा खुद से ही है।
इसके अलावा भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने भी नीरज को उनकी इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए का कि आप करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत हैं। भारत की ओर से बीजिंग ओलंपिक निशानेबाजी में स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने भी विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक पर नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि तुमने हमें गौरवान्वित किया है।