भोपाल ।   हिंदुस्तान का दिल सोमवार से अगले 13 दिन तक खूब धड़केगा। देश भर के खिलाड़ी जमकर अपना दम भरेंगे। खेल जगत के उभरते सितारे अपनी चमक बिखरेंगे। हार-जीत के साथ नए कीर्तिमान भी रचे जाएंगे। मध्य प्रदेश अपनी मेहमाननबाजी से समूचे भारत का दिल जीतेगा। जी हां...युवा खेल महाकुंभ 'खेलो इंडिया-2022' का शुभारंभ सोमवार से राजा भोज की नगरी भोपाल समेत मध्यप्रदेश के आठ शहरों में होने जा रहा है। इसके कार्यक्रम के लिए बालीवुड के सिंगर शान, नीति मोहन, दक्षिण भारत के मशहूर ड्रमर शिवामणि समेत तमाम कलाकार भोपाल पहुंच चुके हैं। सोमवार सुबह सीएम शिवराज ने स्‍मार्ट सिटी पार्क पहुंचकर इन कलाकारों के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान प्रदेश की खेल व युवा कल्‍याण मंत्री यशोधरा राजे भी मौजूद थीं। इस अवसर पर सीएम शिवराज ने कहा कि आज खेलो इंडिया यूथ गेम्स का कुंभ मध्य प्रदेश में शुरू हो रहा है। इन खेलों के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए आज हमारे साथ शान, शिवमणि और नीति मोहन हैं। मैं उनका आभारी हूं कि उन्होंने पेड़ लगाकर अच्छा संदेश भी दिया है। गौरतलब है कि मुख्य कार्यक्रम भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में शाम सात बजे रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ होगा। इस गौरवमयी आयोजन के लिए राजधानी सज-धजकर तैयार हो चुकी है। स्टेडियम समेत बड़ा तालाब, वीआइपी रोड और अन्य मुख्य स्थानों पर विशेष साज-सज्जा की गई है। वहीं अन्य सात शहरों इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, मंडला, बालाघाट और खरगोन में 'खेलो इंडिया' की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बता दें कि इससे पहले खेलो इंडिया यूथ गेम्स दिल्ली, पुणे, गुवाहाटी और पंचकुला में आयोजित हो चुके हैं। पहली बार इस आयोजन की मेजबानी का मौका मध्य प्रदेश को मिला है।

भोपाल में नौ खेल आयोजित होंगे

- भोपाल में नौ प्रकार के खेल खेले जाएंगे, जबकि, इंदौर में छह, ग्वालियर में चार, जबलपुर में चार, उज्जैन और मंडला में दो-दो, बालाघाट और खरगोन में एक-एक खेल का आयोजन होगा। ट्रैक साइक्लिंग दिल्ली में होगी।

मुख्यमंत्री व केंद्रीय खेल मंत्री करेंगे शुभारंभ

- तात्या टोपे स्टेडियम में दूधिया रोशनी में रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ 'खेलो इंडिया' की शुरुआत होगी। शाम सात बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर इसका शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, मप्र खेल एवं कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, ओडिशा के स्पोर्ट्स एवं यूथ वेलफेयर मंत्री तुषारकांति बेहरा और अरुणाचल प्रदेश के खेल मंत्री मामा नटुंग शामिल होंगे। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक दर्शक मौजूद रहेंगे। 13 दिन तक राजधानी समेत मप्र के आठ शहरों में होने वाले इस भव्य आयोजन में देशभर के छह हजार युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहले दिन वालीबाल के मुकाबले से खेलों की शुरुआत होगी।

100 मीटर के स्टेज पर प्रदेश की धरोहरें आएंगी नजर

तात्या टोपे स्टेडियम के मुख्य मैदान पर लगभग 100 मीटर का स्टेज बनाया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया है। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, श्री महाकाल महालोक, सांची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर का किला बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में प्रख्यात टीवी कलाकार जय भानुशाली एंकरिंग करेंगे।

गायक शान प्रस्तुत करेंगे 'खेलो इंडिया' का थीम सांग

- समारोह में मशहूर गायक शान, जिन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के थीम सांग को आवाज दी है, अपनी प्रस्तुति देंगे। गायिका नीति मोहन नर्मदा अष्टक की प्रस्तुति देंगी। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रम्स शिवामणि और ग्रुप द्वारा 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की प्रस्तुति 100 लोक कलाकारों के दल द्वारा दी जाएगी। इसके अतिरिक्त अभिलिप्सा पांडा द्वारा 'हर हर शंभु' और नटराज डांस ग्रुप की प्रस्तुति, प्रिंस डांस ग्रुप द्वारा जी-20 की "वसुधैव कुटुम्बकम" पर शानदार डांस प्रस्तुति होगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के शुभारंभ कार्यक्रम में लेजर शो, आतिशबाजी की रंगारंग प्रस्तुति भोपालवासियों को देखने को मिलेगी।

प्रदेश के 470 खिलाड़ी लेंगे भाग

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 के मेजबान मध्यप्रदेश पर इस बार सभी की नजरें होंगी। पिछली बार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुए खेलो इंडिया गेम्स में मध्यप्रदेश ने 12 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ कुल 38 पदक लेकर आठवां स्थान प्राप्त किया था, जिसमें अधिकांश पदक अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते थे। मध्यप्रदेश इस बार खेलो इंडिया के सभी 27 खेल में भागीदारी कर रहा है। सभी खेलों के 470 सदस्यीय दल में अकादमी के 146 खिलाड़ी इस बार शामिल हैं।

आंकड़ों में खेलो इंडिया

आयोजन चलेगा - 13 दिन

खेल - 27

कुल पदक - 1906

कुल एथलीट - 5812

नए खेल - तीन

श्रेणी - अंडर 18

कितने राज्य व केंद्र शासित प्रदेश - 36

सहयोगी स्टाफ - 1744

तकनीकी कर्मचारी - 1042

वालंटियर - 1600

शुभारंभ कार्यक्रम में दर्शक रहेंगे- 10 हजार