पेट्रोलियम, फार्मा और रसायन तथा मरीन्स जैसे क्षेत्रों के निर्यात में अच्छी वृद्धि के कारण 2022-23 के दौरान देश का निर्यात करीब 6 प्रतिशत बढ़कर 447 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।इससे पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में निर्यात 422 अरब डॉलर था। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार यह जानकारी दी। देश का आयात भी 2022-23 में 16.5 प्रतिशत बढ़कर 714 अरब डॉलर हो गया जो 2021-22 में 613 अरब डॉलर था।

गोयल ने कहा कि वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात नई ऊंचाई पर पहुंचा है और 2022-23 में 14 प्रतिशत बढ़कर 770 अरब डॉलर रहा जो एक साल पहले 676 अरब डॉलर था। मंत्री ने रोम में संवाददाताओं से कहा,भारत के निर्यात का प्रदर्शन शानदार रहा है। देश से कुल निर्यात 2022-23 में 770 अरब डॉलर की नई ऊंचाई पर पहुंच गया है। पिछले वित्त वर्ष की तुलना में यह 14 प्रतिशत अधिक है। 2020 में यह 500 अरब डॉलर तथा 2021-22 में 676 अरब डॉलर था।