भारत की मेहुली घोष ने शनिवार को Asian Airgun Championship 2022 में कमाल कर दिया। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। मेहुली घोष ने फाइनल में दक्षिण कोरियाई निशानेबाज यूनुंग चो को हराया। 2018 यूथ ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली मेहुली ने स्वर्ण पदक के लिए यूनुंग चो को 16-12 से हरा दिया।

मेहुली घोष  261.1 के स्कोर के साथ रैंकिंग राउंड में यूनुंग चो से पीछे रही थीं। दक्षिण कोरियाई निशानेबाज 262.5 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर रही थीं। इस बीच, पूर्व विश्व नंबर एक और टोक्यो ओलंपियन एलावेनिल वलारिवन ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह रैंकिंग राउंड में छठे स्थान पर रहीं।

जूनियर महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन और नैंसी ने भारत को पहला और दूसरा स्थान दिलाया। नैंसी (261.4) रैंकिंग राउंड में शीर्ष पर रहीं। वहीं, तिलोत्तमा (260.4) दूसरे स्थान पर रही थीं। फाइनल में दोनों भारतीय निशानेबाजों का मुकाबला हुआ। वहां तिलोत्तमा ने बाजी मारी। उन्होंने नैंसी को 17-11 से हरा दिया। नैंसी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।