प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को देश भर के 75 जिलों में विशेष स्वास्थ्य कैंप आयोजन किया जायेगा। इनमें छत्तीसगढ़ के दो जिले दुर्ग और कोरबा शामिल हैं। कैंप में दिव्यांगों को उनकी आवश्यकतानुसार उपयोग आने वाले उपकरण निशुल्क वितरित किए जाएंगे। 

दुर्ग से राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय की अगुवाई में दोनों जिलों में हेल्थ कैंप लगाए जाएंगे। सांसद सरोज पांडेय ने बताया कि सामाजिक न्याय मंत्रालय की तरफ से प्रत्येक जिले के लिए 3-3 करोड़ का बजट दिया गया है। इससे दिव्यांगों को उनकी आवश्यकतानुसार व्हील चेयर, विशेष प्रकार की चप्पलें, वॉकर, छड़ी, पोट्टी चेयर, बॉक्स सीट, फ्लोर सीट, कम्युनिकेशन बुक, पिक्चर कम्युनिकेशन बुक जैसी चीजें प्रदान की जाएंगी।

सांसद पांडेय ने बताया कि इस विशेष शिविर का लाभ पाने के लिए दिव्यांगों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यह रजिस्ट्रेशन डॉक्टरों की चेकिंग के बाद ही होगा। दुर्ग जिले में रजिस्ट्रेशन के लिए 1 सितंबर को विवेकानंद सभागार में कैंप लगाया गया है। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आयोजित इस शिविर में डॉक्टर चेकअप के बाद दिव्यांग की स्थिति को देखते हुए सर्टीफिकेट देंगे।सर्टीफिकेट पाने के लिए सीनियर सिटीजन को आधार कार्ड लाना बहुत जरूरी है। भिलाई के दिव्यांगों का रजिस्ट्रेशन करने के लिए 2 सितंबर को अलग से कैंप भिलाई में ही आयोजित किया जाएगा। इससे भिलाई वासियों को दुर्ग नहीं आना पड़ेगा।

सांसद सरोज पांडेय ने बताया कि इस शिविर में उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी की दिव्यांग बच्चों को इसका लाभ मिले। इसके लिए लोगों को जागरूक करने का काम भाजपा के वालंटियर कर रहे हैं। सांसद ने सभी लोगों से अपील की है कि घर में यदि दिव्यांग बच्चे हैं तो उनका रजिस्ट्रेशन जरूर कराएं और उन्हें केंद्र सरकार की योजना का लाभ दिलाएं।