खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के अंतर्गत दिल्ली में चल रही शूटिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा ओवरऑल चैंपियन बनकर उभरा है। गुरुवार को लड़कियों के 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की रमिता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। जबकि हर्षिता ने कांस्य पदक जीता है। रजत पदक राजस्थान की देवांशी के खाते में गया है। 
गुरुवार को जीते गए पदक के साथ शूटिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खाते में तीन स्वर्ण सहित कुल सात पदक आए हैं। इनमें हरियाणा के तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। शूटिंग में लड़कियों की 10 मीटर एयर पिस्टल में क्लीन स्वीप करते हुए हरियाणा ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। लड़कों की 10 मीटर एयर पिस्टल में भी स्वर्ण और सिल्वर मेडल हरियाणा ने जीते। लड़कियों की 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण और कांस्य पदक हरियाणा के खाते में आए। जबकि शूटिंग की पदक तालिका में पश्चिम बंगाल एक स्वर्ण और एक रजत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वेटलिफ्टिंग में हरियाणा की झोली में एक और स्वर्ण पदक आया। आशीष ने 102 किलोग्राम भार वर्ग के वेटलिफ्टिंग इवेंट में स्वर्ण पदक जीता है, बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में हरियाणा की जीत से शुरुआत हुई है। लड़कियों के बॉक्सिंग मैच में हरियाणा की गीतिका ने चंडीगढ़ की नेहा को पराजित कर जीत दर्ज की।