मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2022 का सफल बेहद ही निराशाजनक रहा है। टीम को लगातार 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन टीम के खिलाड़ियों और फैंस ने हार नहीं मानी थी और जानते थे कि टीम खराब दौर से निकलकर अच्छा प्रदर्शन करने का दमखम रखती है और ऐसा ही देखने को भी मिला। लगातार 8 हार के बाद मुंबई इंडियंस ने अपने दो मैच जीते हैं। मुंबई इंडियंस ने डेनियल सैम्स की अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी की बदौलत शुक्रवार गुजरात टाइटन्स को पांच रन से हराकर उसके प्लेऑफ में स्थान पक्का करने के इंतजार को बढ़ा दिया। गुजरात टाइटन्स को अंतिम ओवर में नौ रन चाहिए थे, लेकिन सैम्स ने छह गेंद में केवल तीन रन दिये, जिसमें राहुल तेवतिया रन आउट भी हुए। 

आखिरी ओवर में रोमांचक मैच जीतने के बाद ईशान किशन का फैंस से मिलते हुए एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। मुंबई इंडियंस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कैप्शन दिया, ''एक स्पेशन गेम का जश्न मनाने के लिए एक स्पेशल मोमेंट। पलटन, ईशान से मिलने पर आप क्या पूछोगे?'' इस वीडियो में दिख रहा है कि ईशान किशन एक फैन को मुंबई इंडियंस की कैप गिफ्ट कर रहे हैं, जबकि एक फैन ने कहा कि वह दो मैच देखने आया और दोनों टीम जीत गई। इस पर किशन ने कहा कि अगले तीन मैच में भी आना। एक फैन ने तो ईशान किशन से हाफ सेंचुरी मारने की डिमांड कर दी। किशन ने जवाब में कहा कि पक्का।