छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शनिवार देर शाम मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली वहां से भाग निकले। नक्सलियों के भागने के बाद जवानों ने मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद हुई है। मुठभेड़ आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगल में हुई है। 

जानकारी के मुताबिक, बस्तर के अंदरूनी इलाकों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान जारी है। इसी के तहत आमाबेड़ा थाने से डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम शनिवार शाम करीब 5 बजे सर्चिंग पर ग्राम उसेली, मरमाकोनारी और उसके आसपास के इलाके में निकली थी। इस दौरान नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर जवान ग्राम उसेली गुमझीर, मरमाकोनारी की ओर एरियाडॉमिनेशन के लिए रवाना हुए। 

अभी जवान उसेली और मरमाकोनारी के बीच पहाड़ी जंगल में पहुंचे थे कि घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली लगने का भी दावा किया जा रहा है। मुठभेड़ की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल रवाना किया गया था। फिलहाल इलाके में सर्चिंग जारी है। 

भारी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद
जवानों ने सर्चिंग के दौरान मौके से एक सोलर प्लेट, बैटरी, इलेक्ट्रिक वायर, रस्सी, पिट्ठु झोला, जरकीन, बाल्टी, गंजी, प्लेट/थाली, छतरी, पानी बोतल, नक्सली पर्चा, नक्सली साहित्य और भारी मात्रा में अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है। नक्सलियों के खिलाफ थाना आमाबेड़ा में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। नक्सल उन्मूलन के तहत जिले में लगातार नक्सलियों के खिलाफ सर्चिंग जारी है।