नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने मंगलवार को ई स्पोर्ट्स को आधिकारिक मान्यता दे दी। साथ ही इसे देश की प्रमुख खेल विधाओं में भी शामिल किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान की धारा 77 के प्रावधान तीन में मिले अधिकारों का प्रयोग करके ई स्पोर्ट्स से संबंधित नियमों में बदलाव किया। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स और खेल मंत्रालय से ई स्पोटर्स को बहु खेल आयोजनों में शामिल करने के लिए भी कहा है।

जकार्ता एशियन गेम्स 2018 में ई-स्पोर्ट्स को नुमाइशी खेल के रूप में शामिल किया गया था। तब से इसे बहु खेल आयोजन का हिस्सा बनाने की मांग उठ रही थी। राष्ट्रपति की अधिसूचना (23 दिसंबर को जारी) के बाद आई टी मंत्रालय आनलाइन गेमिंग संबंधी मसलों पर नोडल एजेंसी होगा और खेल मंत्रालय को अपने विषयों में इसे शामिल करना होगा ।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति भी ई स्पोर्ट्स को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में अगले साल जून में सिंगापुर में पहला ओलंपिक ई स्पोर्ट्स सप्ताह भी मनाया जाएगा। भारतीय डीओटीए टू टीम ने बर्मिंघम में 2022 में हुए पहले राष्ट्रमंडल ई स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में न्यूजीलैंड को हराकर कांस्य पदक जीता था। अगले साल चीन में होने वाले एशियन गेम्स में भी ई स्पोर्ट्स का डेब्यू होगा।