महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के 15वें सीजन में अपने पुराने रंग में दिख रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ पहले मैच में 38 गेंदों पर 50 रन बनाए थे। तब उनका स्ट्राइक रेट 131.58 का था। अब धोनी ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 266.67 की स्ट्राइक रेट से रन ठोक दिए। गुरुवार को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में माही ने छह गेंदों पर 16 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।

धोनी 19वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत छक्के के साथ की। आईपीएल इतिहास में यह पहला मौका है जब धोनी ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा हो। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो बार ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ 2017 में पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था।