छत्तीसगढ़ के भिलाई में बुधवार की देर रात और गुरुवार की सुबह शहर में दो स्थानों पर सड़क हादसे हुए। जिसमें कुल तीन लोगों की मौत हुई है। बुधवार की देर रात करीब एक बजे ठगड़ाबांध ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दो बाइक पर सवार चार लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक छिटककर ओवरब्रिज के नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिसमें दो की हालत ज्यादा गंभीर है। 

पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र के ठगड़ाबांध ओवरब्रिज बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक घटना हुई। रिसाली सेक्टर निवासी लोकेश डहरिया (26) और बालाघाट मध्यप्रदेश निवासी विक्रांत सिंह, यशवंत कोसले व देव सिंह मरकाम दो बाइक से जेल रोड की ओर जा रहे थे। चारों होर्डिंग बोर्ड लगाने का काम करते हैं और रात के समय में ही अपना काम करते थे। वे लोग काम करने के लिए ही निकले थे। इसी दौरान जेल रोड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रांग साइड में आकर दोनों बाइक पर सवार चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लोकेश डहरिया छिटककर ओवरब्रिज के नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा बाकि के तीनों युवक घायल हो गए। जिनमें यशवंत कोसले और देव सिंह मरकाम की हालत ज्यादा गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है। घटना के तुरंत बाद आरोपित स्कार्पियो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।