भोपाल । कांग्रेस ने प्रदेश में घर चलो, घर-घर चलो अभियान के तहत चलाए जा रहे सदस्यता अभियान की तारीख को बढ़ा दिया है। प्रदेश संगठन ने सभी अध्यक्षों से कहा है कि वे अब 15 मार्च तक यह अभियान चलाएं और ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को कांग्रेस से जोडऩे का प्रयास करें। इसके साथ ही भाजपा सरकार की विफलताओं को भी घर-घर बताया जाएं।
1 फरवरी से कांग्रेस पूरे प्रदेश में घर चलो, घर-घर चलो अभियान चला रही है। इस अभियान में सभी नेताओं को जुट जाने के निर्देश आलाकमान ने दिए हैं, लेकिन कई स्थानों पर शुरुआती दिनों में बड़े नेता नजर आए और बाद में सब अपने घर बैठ गए। कांग्रेस के मंडलम और सेक्टर अध्यक्ष भी अपने-अपने हिसाब से काम करने में लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस संगठन ने सदस्यता अभियान की तारीख को बढ़ा दिया है। पहले 28 फरवरी तक यह अभियान चलाया जाना था, लेकिन अब इसे 15 मार्च तक चलाया जाएगा। हालांकि अभी न तो आखिरी तारीख नजदीक आई और न  ही किसी भी जिले से इसकी मांग उठी, फिर 15 दिन के लिए अभियान बढ़ाने का कारण किसी को भी समझ नहीं आ रहा है। सभी जिलाध्यक्षों से कहा गया है कि डेढ़ महीने में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़े।