अहमदाबाद | गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव होना है और इसके लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी की जाएगी| कांग्रेस के पीछे हटने से गुजरात में राज्यसभा की चारों सीटों पर भाजपा की निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है| राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात विधानसभा में पर्याप्त संख्याबल के अभाव में कांग्रेस पहले ही मैदान छोड़ चुकी है| बता दें कि विधानसभा के पिछले चुनाव में भाजपा ने रिकार्ड 156 सीटों पर जीत दर्ज की थी| वहीं कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी के खाते में केवल 5 सीटें गई थीं| कांग्रेस के 17 में से 2 और आम आदमी पार्टी से 2 विधायक इस्तीफा दे चुके हैं| जबकि एक निर्दलीय विधायक के इस्तीफा देने से गुजरात विधानसभा में सदस्यों की संख्या 177 रह गई है|
विपक्ष के पर्याप्त संख्याबल के अभाव में गुजरात में राज्यसभा के चुनाव एकतरफा होना तय है| 8 फरवरी को राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी| अगर जरूरी हुआ तो 27 फरवरी को चुनाव होगा| 8 फरवरी को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी| 15 फरवरी तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे| 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 20 फरवरी दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे| गुजरात में अगर जरूरत हुई 27 फरवरी को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा| शाम पांच बजे से मतगणना होगी और फिर परिणाम घोषित किए जाएंगे| गुजरात में दलीय स्थिति को देखते हुए भाजपा की चारों सीटों पर निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है|
राज्यसभा चुनाव के लिए 8 फरवरी को अधिसूचना तो जारी हो जाएगी परंतु अब इन 4 सीटों पर उम्मीदवार कौन होगा? यह किसी को पता नहीं है| गुजरात भाजपा या उसके प्रमुख तक को राज्यसभा उम्मीदवारों के बारे में कोई जानकारी नहीं है| ऐसे में सभी के मन में सवाल है कि भाजपा राज्यसभा के लिए किसी उम्मीदवार बनाएगी| बहरहाल भाजपा जिसे भी उम्मीदवार बनाए वह अगले 6 साल तक राज्यसभा में सांसद बनकर इस पद का लाभ पाएगा|