सीहोर ।   मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। सीहोर के ग्राम खेरी में विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि पैसा खाने की शिकायत यदि मैंने सुन ली, तो सीधा आप निलंबित होंगे। अच्छा काम करोगे तो सम्मान भी होगा। अब इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, मध्यप्रदेश के राजस्व मंत्री और सीहोर जिले के इछावर विधायक करण सिंह वर्मा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरी में गुरुवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जहां उन्होंने मंच से संबोधित करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को चेताते हुए कहा कि पैसा खाने की मैंने सुन ली, सीधा सस्पेंड होंगे। मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि ऐसा होने पर मैं किसी की नहीं सुनूंगा। अच्छा काम करोगे तो सम्मान होगा। किसान हमारे अन्नदाता हैं, इनका पैसा नहीं खा सकते। दिल्ली से प्रदेश तक के बड़े-बड़े नेता इछावर को प्रणाम करत हैं, मैं तो जनता के लिए ही काम करता हूं।

करण सिंह वर्मा पहले भी रहे हैं चर्चाओं में

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। पहले भी वे इस तरह के बयान देते रहे हैं, जिसमें उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को चेताया था कि किसी को एक पैसा खाने नहीं दूंगा और अब एक बार फिर से उन्होंने ऐसा बयान दिया है, जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया है।