दमोह ।   स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर युवा दिवस के मौके पर सामूहिक सूर्य नमस्कार किया गया। जबेरा विधायक और संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भी योग किया और छात्रों से कहा कि तुम्हारी अर्जुन जैसी मजबूत भुजाएं होंगी तो तुम गीता के संदेश को समझने के योग्य होगे। इसके साथ ही दमोह एक्सीलेंस स्कूल में कलेक्टर मयंक अग्रवाल के साथ एसपी और अन्य अधिकारियों ने योग किया। जबेरा विधायक धर्मेंद्र लोधी ने गृह ग्राम नोहटा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और योग किया। छात्रों को संबोधित करते हुए  कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं। स्वामी जी ने देश राष्ट्र समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जो अपने लिए जीते हैं, वह केवल जीते हैं, उनका कोई महत्व नहीं है। जब भी कोई दुर्बल स्वामी विवेकानंद के पास आता और गीता की बात करता तो वो कहा करते थे, कि अगर गीता संदेश जानना चाहते हो तो जाओ मैदान में फुटबाल खेलो।  जब तुम्हारी अर्जुन जैसी मजबूत भुजाएं होंगी, तब तुम गीता के संदेश को समझने के योग्य होगे। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों ने भी सूर्य नमस्कार किया।

कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने किया योग

दमोह जिला मुख्यालय पर शुक्रवार सुबह सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस आयोजन में शामिल हुए और लोगों का उत्साहवर्धन किया। शहर के एक्सीलेंस स्कूल में भी सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर मयंक अग्रवाल, एसपी सुनील तिवारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। यहां शिक्षकों ने बच्चों को सूर्य नमस्कार के महत्व को बताया। 

आयोजन में शामिल लोगों को बताया गया कि सूर्य नमस्कार योग साधना है, जिसे नियमित रखने पर हमारा शरीर पूरी तरह स्वस्थ रहता है और हम कई तरह की बीमारियों से खुद को बचा सकते हैं। कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने इस आयोजन के मौके पर लोगों से अपील की है कि सूर्य नमस्कार योग अभ्यास को लोग अपने दैनिक जीवन में अपना लें। इसके बेहतर परिणाम होते हैं। शहर के एक्सीलेंस स्कूल में बड़े पैमाने पर सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चे, शिक्षक और कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।