भोपाल ।  भोपाल के वार्ड-41 में पार्षद के लिए उपचुनाव हो रहा है। यहां कुल नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 22 हजार 511 मतदाता 05 जनवरी को यानी आज करने जा रहे हैं। वार्ड के 27 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जो शाम 5 बजे तक चलेगी। सुबह एसडीएम रवीश श्रीवास्तव व तहसीलदार मुकेश राज भी कुछ मतदान केंद्रों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है। कहीं से कोई अप्रिय स्थिति की खबर नहीं है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे तक 3643 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। यानी शुरुआती चार घंटों में 16 फीसदी लोगों ने मतदान किया। यह सीट मौजूदा परिषद के सबसे वरिष्ठ पार्षद मोहम्मद सगीर के निधन से खाली हो गई थी। लिहाजा यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके लिए कुल 27 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 9 जनवरी को जिला जेल में मतगणना होगी।

भाजपा-कांग्रेस के साथ 'आप', एआइएमआइएम भी मैदान में

इस उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी भी पार्षद पद के लिए मैदान में है। आम आदमी पार्टी से असद अली, कांग्रेस से मो. फहीम, भाजपा से डा. रेहान सिद्धीकी, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) से तौकीर अहमद निजामी के साथ ही निर्दलीय कैंडिडेट के रूप में अहमद अकबर खान, अलीमउद्दीन कुरैशी, काजी आसिफ, मो. अजहर मियां और मो. कलीम खां मैदान में हैं।

वार्ड-41 पर कांग्रेस का कब्जा रहा

पिछले चुनाव में वार्ड-41 पर कांग्रेस का कब्जा रहा था। इसलिए कांग्रेस इसे दोबारा हासिल करना चाह रही है। वहीं, भाजपा यह वार्ड जीतना चाहती है। हालांकि, जीत-हार का भाजपा या कांग्रेस को कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। मौजूदा नगर निगम परिषद में भाजपा के 85 में से 58 पार्षद हैं। वहीं, कांग्रेस के 21 और 5 निर्दलीय है। पिछले साल हुए चुनाव में कांग्रेस के 22 पार्षद जीते थे। इनमें से एक पार्षद का निधन हो गया था। इसलिए कांग्रेस इस सीट पर कब्जा बरकरार रखने के लिए ऐढ़ी-चोटी का जोर लगा रही है।

इसी वार्ड से पार्षद थे मो. सगीर

कांग्रेस नेता मो. सगीर भोपाल नगर के सबसे वरिष्ठ पार्षद थे। वे 1999 से लगातार पार्षद रहे। सगीर, कृष्णा गौर और आलोक शर्मा के महापौर कार्यकाल में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। लंबे समय तक बीमार रहने के बाद विगत 25 जुलाई को उनका निधन हो गया था। इससे यह सीट रिक्त हो गई।