भोपाल ।  भाजपा, कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों की पांच वर्ष की मेहनत के बाद रविवार (तीन दिसंबर) को फसल काटने का दिन है। चुनाव परिणाम में भाजपा और कांग्रेस दोनों जीत को लेकर आश्वस्त और उत्साहित हैं। यहां तक कि प्रदेश कार्यालयों में परिणाम के बाद जश्न की तैयारी भी की जा रही है। दोनों कार्यालयों में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जहां पार्टी के बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

एक छत के नीचे रहेंगे शिवराज, शर्मा, वैष्णव, तोमर, सिंधिया

प्रदेश भाजपा कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद जिला पदाधिकारियों और उम्मीदवारों के सीधे संपर्क में रहेंगे। इनके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री नरेद्र सिंह तोमर, प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया के उपस्थित रहने की भी पूरी संभावना है।

कानूनी दांव पेंच से निपटने की तैयारी

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। पूर्व महाधिवक्ता शशांक शेखर भी यहां रहेंगे। मतगणना में कानूनी पेंच फंसने पर वह विधिक सलाह देंगे। पार्टी ने पहले ही प्रत्याशियों और एजेंटों को प्रशिक्षण देकर बताया है कि मतगणना में किन-किन बातों का ध्यान रखना है। दोपहर 12 बजे तक परिणामों के रूझान मिलने पर दोनों दलों के बड़े नेताओं के आने-जाने का सिलसिला बढ़ेगा। इस बार छोटे दल भी जीत को लेकर पिछले चुनाव की तुलना में ज्यादा उत्साहित दिख रहे हैं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने ली बैठक

प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार सुबह भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान जिला प्रभारियों से मतगणना एजेंटों की नियुक्त करने सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली गई। बैठक लगभग ढाई घंटे चली।