छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक महिला ने अप्राकृतिक संबंध बनाने पर अपने पति की हत्या कर दी। मामला अम्लेश्वर थाना क्षेत्र का है।  जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6.30 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि ग्राम कापसी के सतनामी पारा में अनंत सोनवानी की  हत्या कर दी गई है। पुलिस पहुंची तो अनंत का शव उसके ही बेडरूम की फर्श पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। धारदार हथियार से उसके गले, गाल, कान, पेट और गुप्तांग पर वार के निशान थे। 

इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों से पूछताछ शुरू की।  इस दौरान अनंत की पत्नी संगीता सोनवानी से पूछताछ हुई तो उसके जवाब गोलमोल थे। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और सख्ती से पूछताछ की तो उसने पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। साथ ही वारदात में प्रयुक्त हथियार की भी जानकारी दी। 

संगीता ने पुलिस को बताया कि अनंत उससे अक्सर अप्राकृतिक सेक्स किया करता था। साथ ही उसे ताना मारता कि वह काली है। मर्दों जैसी दिखती है और आए दिन मारपीट करता। रविवार रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हो गया। अनंत ने फिर अप्राकृति सेक्स किया तो गुस्से में संगीता ने घर में रखी टंगिया से उस पर वार कर दिया टंगिया से उसका गुप्तांग काट दिया और एक के बाद एक कई वार किए। इससे अनंत की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद संगीता ने टंगिया को कुएं में फेंक दिया। जबकि खून से सनी साड़ी बेड के नीचे छिपा दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार और साड़ी बरामद कर ली है। पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी महिला संगीता को गिरफ्तार कर लिया है।