भारत के 16 साल के ग्रैंडमास्टर आर प्रगनाननंदा ने शनिवार को यहां पैरासिन ओपन ‘ए’ शतरंज टूर्नामेंट 2022 का खिताब अपने नाम किया। भारतीय खिलाड़ी ने नौ दौर के मुकाबले में आठ अंक हासिल किए। वह इस दौरान अजेय रहे और आधे अंक की बढ़त के साथ जीत दर्ज की।एलेक्जेंडर प्रेडके 7.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अलीशर सुलेमेनोव और भारत के एएल मुथैया ने एक समान सात अंक हासिल किए लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर कजाकिस्तान के सुलेमेनोव ने तीसरा स्थान हासिल किया। भारत के युवा अंतरराष्ट्रीय मास्टर वी प्रणव का अभियान अंतिम दौर में प्रेडके से हार के बाद 6.5 अंकों के साथ समाप्त हुआ। ग्रैंडमास्टर अर्जुन कल्याण (6.5 अंक) सातवें स्थान पर रहे।